मास्टर प्लान-2047 पर 16 नवंबर से शुरू होगी आपत्तियों की सुनवाई

16 हजार से अधिक आपत्तियों में 3 हजार दोहराव वाली हटाईं
-13 हजार मामलों पर होगा फैसला
नवभारत संवाददाता
भोपाल, 5 नवंबर. भोपाल विकास योजना-2047 के प्रारूप पर 16 नवंबर से दावे-आपत्तियों की सुनवाई शुरू होगी। 25 अक्टूबर तक प्राप्त 16 हजार से अधिक आपत्तियों की जांच में करीब 3 हजार दोहराव वाली आपत्तियां हटाई गई हैं। अब लगभग 13 हजार आपत्तियों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन सुनवाई होगी। गुरुवार को कलेक्टोरेट में सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय की मौजूदगी में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। नगर एवं ग्राम निवेश विभाग को सुनवाई का कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें क्षेत्रवार सुनवाई की तारीख और स्थान तय किए जाएंगे।
-भोजताल जोन हटाने की मांग
मास्टर प्लान के प्रारूप में भोजताल संरक्षण जोन-1 और 2 को लेकर किसानों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। किसानों का कहना है कि बड़े तालाब के आसपास कृषि भूमि के उपयोग में प्रस्तावित बदलाव से उनकी खेती प्रभावित हो सकती है। उन्होंने दोनों जोन हटाने और कृषि भूमि को खेती के लिए सुरक्षित रखने की मांग की है। बैठक में एडीएम प्रकाश नायक, संयुक्त संचालक नगर एवं ग्राम निवेश आनंद मोहन लिखार सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंच और अधिकारी मौजूद रहे। अब 16 नवंबर से शुरू होने वाली सुनवाई में किसानों और आम नागरिकों की आपत्तियों पर विचार किया जाएगा।



