मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पात्र नागरिकों की मदद करें कार्यकर्ता: सबनानी

विधायक ने मानस भवन में बैठक लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
भोपाल, 25 अक्टूबर। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने रविवार को मानस भवन में पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा कर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके लिए विभिन्न टोलियों का गठन भी किया गया।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विशेष जोर दिया गया। विधायक सबनानी ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के तहत सक्रिय भूमिका निभाने और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में मदद करने का आह्वान किया।
बैठक में क्षेत्र के पांचों मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, शक्ति केंद्रों के संयोजक, बूथ अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, पार्षद और एल्डरमैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





