गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट का पांचवां संस्करण शुरू

15 अक्टूबर से पर्यटकों को मिलेगी ग्लेम्पिंग और रोमांचक गतिविधियों की सुविधा, स्थानीय रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
भोपाल। मंदसौर जिले के गांधीसागर जलाशय के प्राकृतिक वातावरण में गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के पांचवें संस्करण का शुभारंभ 15 अक्टूबर से होगा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से लल्लूजी एंड सन्स और इवोक कैंपिंग के सहयोग से आयोजित इस रिट्रीट में पर्यटकों को प्रकृति के बीच ठहरने और रोमांचक गतिविधियों का अनुभव मिलेगा। रिट्रीट में पर्यटकों के ठहरने के लिए लग्जरी टेंट सिटी तैयार की गई है। यहां हाई रोप, जिपलाइन, एटीवी राइड, साइकिलिंग और एयरगन शूटिंग जैसी गतिविधियां होंगी। हवाई रोमांच के लिए पैरामोटरिंग और पानी में स्पीड बोट, जेट स्कीइंग, बनाना बोट, ड्रैगन बोट तथा कयाकिंग का आनंद भी लिया जा सकेगा।
इसके अलावा जंगल सफारी, नाइट वॉक, तारों को देखने, बोट सफारी, योग और वेलनेस सत्र सहित इनडोर खेलों की व्यवस्था भी रहेगी। पर्यटकों को मध्यप्रदेश की लोक कला, संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और स्थानीय व्यंजनों से परिचित कराने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। वर्ष 2023 में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य गांधीसागर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना है। इससे स्थानीय कारोबार को गति मिलने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
गांधीसागर पहुंचने के लिए पर्यटक सड़क और रेल मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। भोपाल से सड़क मार्ग की दूरी करीब 333 किलोमीटर बताई गई है। वहीं, भवानी मंडी, मंदसौर और नीमच रेलवे स्टेशनों से आगे टैक्सी या बस के जरिए पहुंचा जा सकता है।





