भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी-2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इंदौर-भोपाल-रतलाम के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 21 जून 2026 को होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में मदद करेगी।
रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन इंदौर और मध्यप्रदेश के अन्य शहरों से भोपाल आने वाले परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए संचालित की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
इंदौर-भोपाल परीक्षा स्पेशल ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन 20 जून 2026 को इंदौर स्टेशन से सुबह 11:25 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन फतेहाबाद में 12:00 बजे, बड़नगर में 12:42 बजे, रतलाम में 13:30 बजे, नागदा में 14:23 बजे, उज्जैन में 15:25 बजे, मक्सी में 16:30 बजे, शुजालपुर में 17:21 बजे, सीहोर में 18:00 बजे और संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर 18:38 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन शाम 19:00 बजे भोपाल स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में भोपाल से रतलाम जाएगी ट्रेन
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 09353 भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन 20 जून 2026 को भोपाल स्टेशन से शाम 19:40 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर 20:08 बजे, सीहोर में 20:34 बजे, शुजालपुर में 20:59 बजे, मक्सी में 21:59 बजे, उज्जैन में 23:05 बजे और अगले दिन नागदा में 00:05 बजे पहुंचेगी। ट्रेन रात 00:55 बजे रतलाम स्टेशन पहुंचेगी।
17 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच रहेंगे। इनमें 13 स्लीपर कोच, 2 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे।
भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
यात्री और परीक्षार्थी ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए , रेलवन ऐप या भारतीय रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा का उपयोग कर सकते हैं।
