सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली पुलिस को सफलता, 200 ग्राम से अधिक सोना-चांदी और नकदी बरामद
भोपाल, 18 सितंबर। सिंगरौली के जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, 205.410 ग्राम चांदी के आभूषण, 1 लाख 4 हजार 200 रुपए नकद, दो मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, दो कट्टे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
हथियारों के बल पर की डकैती
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पिस्टल और कट्टे दिखाकर ज्वेलर्स के कर्मचारियों को धमकाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर दो लोगों पर हथियार से हमला किया गया। घटना के दौरान फायरिंग भी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं।
नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर, एसडीओपी मोरवा और एसडीओपी चितरंगी के नेतृत्व में टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों के आने-जाने और संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटाकर तलाश शुरू की गई।
चार राज्यों की पुलिस को किया अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर तथा झारखंड के गढ़वा और पलामू पुलिस को सूचना देकर सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट किया गया। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित रास्तों पर चेकिंग बढ़ाई गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिलों का पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ा। पीछा करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दोनों घायल हुए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से गिरोह के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दूसरी मोटरसाइकिल के साथ उसके हिस्से में आए लूट के आभूषण और नकदी बरामद की गई।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदात से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीमें विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
