बीना, रानी कमलापति और इटारसी होकर चलेंगी, दोनों ट्रेनों के चार-चार फेरे
भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुल्तानपुर और वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। दोनों ट्रेनों के चार-चार फेरे होंगे। ये ट्रेनें भोपाल मंडल के बीना, रानी कमलापति और इटारसी स्टेशनों पर रुकेंगी।
सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल
गाड़ी संख्या 04212 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 21 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04211 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सुल्तानपुर 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी।
सुल्तानपुर से यह ट्रेन सुबह 4 बजे रवाना होकर बीना शाम 5.30 बजे, रानी कमलापति रात 8.10 बजे और इटारसी रात 9.40 बजे पहुंचेगी। अगले दिन दोपहर 2 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन मुंबई से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। अगले दिन इटारसी 3.35 बजे, रानी कमलापति 6.20 बजे और बीना 9.45 बजे पहुंचेगी तथा रात 11 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी।
वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल
गाड़ी संख्या 04226 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04225 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-वाराणसी 23 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।
वाराणसी से ट्रेन रात 1.35 बजे रवाना होकर बीना शाम 5.30 बजे, रानी कमलापति रात 8.10 बजे और इटारसी रात 9.40 बजे पहुंचेगी। अगले दिन दोपहर 2 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3 बजे मुंबई से रवाना होकर अगले दिन इटारसी 4.10 बजे, रानी कमलापति 6.20 बजे और बीना 9.45 बजे पहुंचेगी। तीसरे दिन रात 2.05 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
दोनों ट्रेनों में 14 थर्ड एसी इकोनॉमी, चार सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर समेत कुल 20 एलएचबी कोच रहेंगे। ट्रेनें लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होकर चलेंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और उपलब्धता की जानकारी रेलवे की अधिकृत यात्री सूचना प्रणालियों से लेने की अपील की है।
