भारतीय रेल दे रही रचनात्मक लेखन का अवसर, हिंदी यात्रा वृत्तांत प्रतियोगिता के लिए आवेदन शुरू
भोपाल। भारतीय रेल और रेल मंत्रालय द्वारा रेल यात्राओं के यादगार अनुभवों को मंच देने के उद्देश्य से “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार-2026” प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से रेल यात्रियों और साहित्य प्रेमियों को अपने रोचक रेल सफर को शब्दों में पिरोकर साझा करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित इस हिंदी यात्रा वृत्तांत प्रतियोगिता में मौलिक और रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 8 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 6 हजार रुपए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पांच प्रेरणा पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक विजेता को 4 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को 3000 से 3500 शब्दों के बीच हिंदी में मौलिक रेल यात्रा वृत्तांत लिखना होगा। लेख डबल स्पेस में टाइप किया हुआ होना चाहिए तथा प्रत्येक पृष्ठ पर क्रम संख्या अंकित करना अनिवार्य होगा। प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि के साथ अलग पृष्ठ पर नाम, पता, आयु, मोबाइल नंबर, ई-मेल और मातृभाषा की जानकारी भी देनी होगी।
सरकारी सेवकों को यह प्रमाणित करना होगा कि उनके खिलाफ कोई विभागीय मामला लंबित नहीं है, जबकि अन्य प्रतिभागियों को आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं होने की घोषणा करनी होगी। सभी प्रतिभागियों को अपनी रचना के मौलिक होने का प्रमाण भी देना होगा।
प्रतियोगिता की प्रविष्टियां दो प्रतियों में 31 जुलाई 2026 तक सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा नंबर-316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002 पर भेजी जा सकती हैं।
