State

बालाघाट में साइबर ठगी के 20 लाख रुपये पुलिस ने वापस कराए

भोपाल। ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में बालाघाट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित के 20 लाख रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैंक अधिकारियों से समन्वय कर ठगी की पूरी रकम समय रहते होल्ड करा ली और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

पुलिस के अनुसार, बालाघाट के वार्ड क्रमांक 20, रामगली निवासी संजय नेमा के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन में साइबर नोडल टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मामले को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कर संबंधित बैंक के नोडल अधिकारियों से संपर्क किया गया।

पुलिस के प्रयासों से इक्विटास बैंक में ठगी की पूरी रकम होल्ड करा ली गई। इसके बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर 20 लाख रुपये पीड़ित को वापस दिलाए गए।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, ठगी के शुरुआती समय यानी गोल्डन ऑवर में शिकायत करने से रकम को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।

Related Articles