Uncategorized

आज होगा स्वच्छता सम्मान, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मान के लिए मप्र के 9 शहर चयनित, भोपाल सूची से बाहर
-इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर सहित नौ निकायों को मिलेगा मौका

भोपाल, 10 नवंबर. स्वच्छता के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के नौ शहरों ने जगह बनाई है, लेकिन राजधानी भोपाल इस बार चयनित शहरों की सूची में शामिल नहीं है. प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी और देपालपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय सम्मान समारोह के लिए चुना गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में चयनित शहरों को सम्मानित करेंगी. इस सूची में बड़े नगर निगमों के साथ छोटे शहर और कस्बे भी शामिल हैं. इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी पहचान कायम रखी है, वहीं उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों को भी राष्ट्रीय स्तर पर मौका मिला है. देवास, रीवा और सागर के अलावा बुधनी और देपालपुर का चयन यह दिखाता है कि छोटे निकाय भी बेहतर सफाई और कचरा प्रबंधन के प्रयासों से राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकते हैं. इस बार भोपाल के साथ बैरसिया भी अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सका। राजधानी पहले स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के शीर्ष शहरों में शामिल रही है, लेकिन इस बार उसे राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुने गए नौ शहरों में स्थान नहीं मिला. इससे शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं. आदमपुर खंती में पुराने कचरे के निपटान को लेकर भी चर्चा हो रही है. इस वर्ष के सर्वेक्षण में देशभर के 4,751 से अधिक शहरों का आकलन किया गया. नगर निकायों को कचरा अलग करने, घर-घर से कचरा उठाने, उसके परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से निपटान, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाओं तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया जैसे मानकों पर परखा गया. मूल्यांकन के लिए 43 संकेतक और 10 प्रमुख क्षेत्र तय किए गए थे.
-प्रदेश के 10 प्रमुख शहरों के नाम
इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी, देपालपुर और भोपाल. इनमें पहले नौ शहर राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित हैं, जबकि भोपाल इस बार सूची से बाहर है. पुरस्कार समारोह नई दिल्ली में 11 नवंबर को होगा.

Related Articles