मोनू भगत को राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पद से हटाया गया

भोपाल: राइस मिल एसोसिएशन के संचालक मंडल ने मोनू भगत को अध्यक्ष पद से हटा दिया है। पिछले दो माह से मोनू भगत द्वारा निरंतर मनमानी की जा रही थी और शासन प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ झूठी शिकायतें उच्च स्तर पर कर अपने काम के लिए दबाव बना रहे थे। इसके कारण राइस मिलर्स की छवि नकारात्मक बनती जा रही थी।

संचालक मंडल ने मोनू भगत और उनके साथियों को कई बार शासन विरोधी कार्य करने एवं अधिकारियों के खिलाफ पेपरबाजी और लिखा-पढ़ी करने के विरोध में समझाइश दी थी, परंतु उन्होंने सभी समझाइश को दरकिनार कर मनमाने तरीके से कार्य जारी रखा। इसके चलते राइस मिल एसोसिएशन के नियमों के खिलाफ लगातार कार्य करने के कारण मोनू भगत और उनके द्वारा नियुक्त संगठन के सभी पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।

राइस मिल एसोसिएशन के उचित क्रियान्वयन हेतु पांच सदस्य समिति बनाई गई है, जो शासन प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राइस मिलर्स के हितों में कार्य करेगी। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि आज के बाद शासन प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ जो भी पत्राचार अन्य किसी के द्वारा किया गया उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

आज की बैठक में 74 राइस मिलर्स की उपस्थिति रही और सभी ने एकमत से निर्णय लेते हुए राइस मिल एसोसिएशन के संचालक मंडल की प्रशंसा की।

Exit mobile version