सिवनी में डायल-112 जवानों की तत्परता से बची महिला की जान, समय पर मिला उपचार

जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, डायल-112 टीम की सराहना

भोपाल, 13 मई। मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर त्वरित सहायता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। सिवनी जिले के थाना कुरई क्षेत्र में जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाकर डायल-112 जवानों ने उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार 13 मई को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि थाना कुरई क्षेत्र के मोहगांव तीतरी गांव में एक महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है और उसकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र में तैनात डायल-112 टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर आरक्षक प्रफुल्ल सोनेकर और पायलट दिनेश राजपूत ने पाया कि 25 वर्षीय महिला बेहोशी की हालत में थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए महिला को उसके परिजनों के साथ वाहन से तुरंत शासकीय अस्पताल कुरई पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस की “डायल-112 हीरोज” श्रृंखला के तहत यह घटना पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार डायल-112 सेवा प्रदेशभर में हर आपात स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय है।

Exit mobile version