नीट परीक्षा घोटाले और केन-बेतवा परियोजना को लेकर जीतू पटवारी का भाजपा पर बड़ा हमला

युवाओं, किसानों और आदिवासियों के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप, कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने के दिए संकेत

भोपाल। जितेंद्र सिंह पटवारी ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर युवाओं, किसानों और आदिवासियों के हितों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश इस समय दो बड़े संकटों से गुजर रहा है, जिनमें पहला नीट परीक्षा घोटाला और दूसरा केन-बेतवा परियोजना के नाम पर आदिवासियों का कथित शोषण है।

पटवारी ने कहा कि नीट परीक्षा में लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और परीक्षा धांधलियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार जिम्मेदारी तय करने से बच रही है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में भर्ती और परीक्षा घोटालों में राजनीतिक संरक्षण सामने आया है। उन्होंने व्यापम घोटाला का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर व्यापक रणनीति बना रही है तथा 16 मई को विशेष प्रेस वार्ता कर आंदोलन और समाधान आधारित कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित आदिवासी परिवारों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों परिवार विस्थापन और आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं।

पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़ी कंपनी को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है और प्रशासन प्रभावित लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी।

Exit mobile version