Uncategorized

नापतौल विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक, वेतनमान और भत्तों सहित कई मांगों पर चर्चा

भोपाल मुख्यालय में संघर्ष समिति की अहम बैठक, स्थाईकरण और एरियर मुद्दे उठे

भोपाल, 13 मई। मध्य प्रदेश नापतौल अधिकारी कर्मचारी संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को नापतौल विभाग मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अधिकारी एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों, समयमान वेतनमान, मकान भाड़ा भत्ता एरियर और स्थाईकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि बैठक में वर्ष 2016 के मकान भाड़ा भत्ता एरियर के भुगतान, कर्मचारियों के स्थाईकरण, गोपनीय प्रतिवेदन समय पर भेजने तथा समयमान वेतनमान लागू करने जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए गए। इसके साथ ही विभागीय कार्यालयों के रखरखाव, निरीक्षकों के लिए वाहन सुविधा, भर्ती नियम तैयार करने तथा मुख्यालय की भूमि पर प्रयोगशाला और टैंक लॉरी निर्माण की मांग भी रखी गई।

बैठक में कर्मचारियों के लिए आवास निर्माण सहित अन्य प्रशासनिक सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित संयुक्त नियंत्रक केएस चौहान ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया और सभी कर्मचारियों से सहयोग की अपील की।

बैठक में संघर्ष समिति के संरक्षक नसीमुद्दीन, भारत भूषण, राजकुमार कछवाह, सुरेंद्र सिंह राजपूत, राजेश पिल्लई, संजय पाटणकर, केआर चौधरी, आरके चतुर्वेदी, रंजीत कुमार ढोके, विजय कुमार खातरकर, मीना मंडल, दीपशिखा नागले सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles