निगम की सख्ती का असर: कुर्की से पहले ही बकायादारों ने जमा किए 3.56 लाख रुपए

भोपाल, 29 जुलाई। नगर निगम की सख्ती का असर बुधवार को उस समय देखने को मिला, जब कुर्की की कार्रवाई के लिए पहुंची निगम टीम के सामने ही बकायादारों ने 3.56 लाख रुपए से अधिक की बकाया लीज राशि जमा कर दी। भुगतान होने के बाद निगम ने प्रस्तावित कुर्की की कार्रवाई निरस्त कर दी।

नगर निगम के अनुसार, जोन-1 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-5 में लीज रेंट के बकायादार खाताधारकों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जा रही थी। निगम का अमला दिनेश दादलानी, रवि कुमार दादलानी, लखन दादलानी तथा मेसर्स आस्था ज्वेलर्स के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचा।

कुर्की की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही तीनों लीजधारकों ने संयुक्त रूप से 3,56,557 रुपए की पूरी बकाया लीज राशि जमा करा दी। इसके बाद नगर निगम ने कुर्की की कार्रवाई निरस्त कर दी।

नगर निगम का कहना है कि बकाया राजस्व की वसूली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और बकाया राशि जमा नहीं करने वाले लीजधारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version