भोपाल-इंदौर मेट्रो में 12 नवंबर से स्मार्ट कार्ड से कर सकेंगे सफर

-एनसीएमसी कार्ड से हर यात्रा पर मिलेगी 25 प्रतिशत छूट
-देश की अन्य मेट्रो में भी कर सकेंगे इस्तेमाल

भोपाल, 10 नवंबर. भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को 12 नवंबर से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की सुविधा मिलने लगेगी. इस स्मार्ट कार्ड से यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने और काउंटर पर कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी. कार्ड के जरिए यात्रा करने पर निर्धारित शर्तों के अनुसार 25 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी. इसकी खासियत यह है कि इसका इस्तेमाल देश के उन सभी मेट्रो नेटवर्क में किया जा सकेगा, जहां एनसीएमसी की सुविधा लागू है. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार यात्री भोपाल और इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों के टिकट काउंटर से यह कार्ड खरीद सकेंगे. कार्ड जारी करने के लिए 50 रुपए शुल्क देना होगा. यह राशि वापस नहीं की जाएगी. कार्ड लेने के बाद इसमें जरूरत के अनुसार राशि रिचार्ज कर यात्रा की जा सकेगी. सिंगल जर्नी के निर्धारित किराए पर मिलने वाली 25 प्रतिशत छूट कार्ड से यात्रा करने पर भी जारी रहेगी. हालांकि, यह छूट 20 रुपए से अधिक किराए वाली यात्रा पर लागू होगी.

-रिचार्ज के लिए तीन विकल्प
कार्ड में राशि जमा करने के लिए यात्रियों को टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन और एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा यात्री मोबाइल ऐप से डिजिटल टिकट भी बुक कर सकेंगे.

-30 सेकंड में मिलेगा क्यूआर टिकट
मेट्रो स्टेशनों पर लगी टिकट वेंडिंग मशीन से यात्री खुद भी क्यूआर टिकट खरीद सकेंगे, इसके लिए मशीन पर ‘बाल क्यूआर टिकिट’ विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन का नाम दर्ज करना होगा, स्क्रीन पर किराया आने के बाद यूपीआई से क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करना होगा. भुगतान पूरा होते ही मशीन से टिकट मिल जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30 सेकंड लगेंगे.

-31 दिसंबर तक विशेष किराया छूट
मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष छूट भी लागू की है. इसके तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर कुल 35 प्रतिशत छूट मिल रही है. ग्रुप टिकट कम से कम दो यात्रियों के लिए उपलब्ध है. ई-वॉलेट में राशि रिचार्ज करने पर 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस भी दिया जा रहा है. हालांकि, 20 रुपए के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत प्रमोशनल छूट नहीं मिलेगी. मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि स्मार्ट कार्ड, मोबाइल ऐप, क्तक्र टिकट और कैशलेस भुगतान जैसी सुविधाओं से टिकट खरीदने की प्रक्रिया आसान होगी और यात्रियों का समय बचेगा.

Exit mobile version