530 किमी लंबे रेलखंड पर सुरक्षा घेरा लगाने की योजना, 74 किमी काम पूरा; मार्च 2027 तक लक्ष्य
भोपाल। तेज रफ्तार ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और रेलवे ट्रैक पर मवेशियों के आने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भोपाल रेल मंडल ने सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। खंडवा से बीना तक करीब 530 किलोमीटर लंबे रेलखंड के दोनों ओर सुरक्षा घेरा (फेंसिंग) लगाया जा रहा है। इसमें अब तक 74 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। शेष काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में यह काम किया जा रहा है। रेलवे के अनुसार, अब तक पूरी हुई फेंसिंग पर करीब 2.88 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। खंडवा-इटारसी रेलखंड पर 49 किलोमीटर, इटारसी-भोपाल रेलखंड पर 4 किलोमीटर और भोपाल-बीना रेलखंड पर 21 किलोमीटर में सुरक्षा घेरा बनाया जा चुका है।
बुधनी-बरखेड़ा में बने चार एनिमल ओवरपास
रेलवे ने मवेशियों को ट्रैक पर आने से रोकने के साथ उनकी सुरक्षित आवाजाही के लिए बुधनी-बरखेड़ा घाट सेक्शन में चार एनिमल ओवरपास भी बनाए हैं। इनमें तीन अप लाइन और एक मिडिल लाइन में बनाया गया है। इनसे मवेशियों को रेलवे ट्रैक पार करने के लिए सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा।
130 किमी की रफ्तार से ट्रेन चलाने में मिलेगी मदद
रेलवे के मुताबिक, इन इंतजामों से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और इससे अधिक गति से चलने वाली ट्रेनों के संचालन में मदद मिलेगी। ट्रैक पर मवेशियों के आने की आशंका कम होने से दुर्घटनाओं, ट्रेनों के परिचालन में बाधा और रेलवे संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सकेगा।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेल मंडल में संरक्षा से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
