15 हजार से अधिक स्वयंसेवक जुड़े, सुंदरबन में 50 हजार मैंग्रोव पौधों का रोपण; दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल के 100 टन कचरे से बनाईं 50 हजार ईंटें
भोपाल। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भोपाल के सामाजिक कार्यकर्ता विपुल सिंह ने देशभर में अभियान चलाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में ‘रूट्स अक्रॉस इंडिया’ अभियान के तहत 23 राज्यों के 105 शहरों में चार लाख पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान से 15 हजार से अधिक स्वयंसेवक जुड़े। इसके अलावा दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल के निर्माण एवं विध्वंस कचरे से 50 हजार ईंटें बनाने की पहल भी की गई।
विपुल सिंह ने वर्ष 2015 में तपस फाउंडेशन की स्थापना कर सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों की शुरुआत की थी। उनका उद्देश्य पौधारोपण को केवल एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय युवाओं, किसानों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदायों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, सामुदायिक क्षेत्रों और सड़कों के किनारे पौधे लगाए गए।
मैंग्रोव संरक्षण और किसानों को जोड़ने की पहल
अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के सुंदरबन और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में 50 हजार मैंग्रोव पौधे लगाए गए। इनका उद्देश्य तटीय पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता के संरक्षण को बढ़ावा देना है।
वहीं, एग्रोफॉरेस्ट्री मॉडल के जरिए करीब एक हजार किसानों को जोड़कर तीन लाख पौधे लगाए गए। इनमें नींबू, संतरा, यूकेलिप्टस सहित उपयोगी और आयवर्धक प्रजातियां शामिल हैं। इस पहल के माध्यम से खेती के साथ पेड़ लगाने और किसानों की भविष्य की आमदनी बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
कचरे से बनाई 50 हजार ईंटें
विपुल सिंह की एक अन्य पहल दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल से जुड़ी है। ‘अपसाइक्लिंग द लेगेसी वेस्ट’ अभियान के तहत यहां से करीब 100 टन निर्माण एवं विध्वंस कचरे का पुन: उपयोग कर 50 हजार ईंटें तैयार की गईं। इसका उद्देश्य कचरे को लैंडफिल में भेजने के बजाय उपयोगी निर्माण सामग्री में बदलना है।
विपुल सिंह का कहना है कि कचरे को सही तरीके से अलग कर तकनीक की मदद से दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। इससे प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव कम करने और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
‘पेड़ नहीं, भविष्य की विरासत लगा रहे हैं’
विपुल सिंह का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण और विकास को एक-दूसरे के विरोध में देखने के बजाय दोनों को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उनके अनुसार, हर पेड़ आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। पर्यावरण में निवेश किए बिना सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती।
वे आने वाले समय में मैंग्रोव संरक्षण, एग्रोफॉरेस्ट्री, जल संरक्षण और प्रकृति आधारित समाधानों पर काम को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
