दीपावली-छठ पर 17 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चला रहा रेलवे

भोपाल मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव, यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ कम करने की तैयारी

भोपाल। दीपावली और छठ महापर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे 17 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इन ट्रेनों से मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। भोपाल मंडल के इटारसी, भोपाल, बीना, गुना, विदिशा, नर्मदापुरम और रानी कमलापति स्टेशनों पर अलग-अलग ट्रेनों का ठहराव रहेगा।

रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के जरिए महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत से बिहार, उत्तर प्रदेश तथा अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे।

इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर, पुणे-दानापुर, बेंगलुरु-बरौनी, उधना-बरौनी और रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल प्रमुख हैं। इसके अलावा रानी कमलापति-रीवा, पुणे-गोरखपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस, पुणे-गाजीपुर सिटी और सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

रेलवे ने अजमेर-रांची, जोधपुर-चेन्नई बीच, उधना-प्रयागराज और बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच भी स्पेशल ट्रेनें निर्धारित की हैं। कुछ ट्रेनें एक तरफा चलेंगी, जबकि कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित तारीखों और सप्ताह के निश्चित दिनों में होगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे की हेल्पलाइन 139, NTES मोबाइल ऐप और वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है।

बॉक्स | इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

* इटारसी

* भोपाल

* रानी कमलापति

* बीना

* विदिशा

* गुना

* नर्मदापुरम

Exit mobile version