तीन टिकट निरीक्षकों ने दो दिन में रेलवे को दिलाए 3.06 लाख रुपए

295 मामलों में पकड़े बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्री, तीनों कर्मचारियों ने एक-एक दिन में वसूले एक लाख रुपए से अधिक

भोपाल। भोपाल रेल मंडल के तीन टिकट निरीक्षकों ने दो दिनों में टिकट जांच के दौरान 295 मामलों में कार्रवाई कर रेलवे के लिए 3 लाख 6 हजार रुपए का राजस्व जुटाया। तीनों कर्मचारियों ने अलग-अलग एक दिन में एक लाख रुपए से अधिक का राजस्व अर्जित किया। उनकी इस उपलब्धि पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने सम्मानित किया।

रेलवे के अनुसार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक शाकिर शाह ने 10 नवंबर को एक ही दिन में 124 मामलों में कार्रवाई कर 1 लाख 1 हजार 190 रुपए का राजस्व अर्जित किया। वहीं, टिकट निरीक्षक अब्दुल वाहिद ने 11 नवंबर को 117 मामलों में 1 लाख 30 रुपए और मुख्य टिकट निरीक्षक अमित शर्मा ने इसी दिन 50 मामलों में 1 लाख 4 हजार 780 रुपए का राजस्व जुटाया।

इस तरह तीनों कर्मचारियों ने कुल 295 मामलों में 3 लाख 6 हजार रुपए का राजस्व अर्जित किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कर्मचारियों के काम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही सफर करने की अपील की है।

Exit mobile version