भोपाल। खुद को विधि एवं विधायी कार्य विभाग का एडिशनल डायरेक्टर बताकर घूमने वाले अमित तिवारी के खिलाफ अरेरा हिल्स थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की फर्जी पदवी का खुलासा आरटीआई के जरिए मिली जानकारी से हुआ। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरटीआई कार्यकर्ता सुरेश विश्वकर्मा ने अमित तिवारी की नियुक्ति और पद को लेकर वल्लभ भवन से जानकारी मांगी थी। विभाग से प्राप्त दस्तावेजों में उसके एडिशनल डायरेक्टर होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद सुरेश विश्वकर्मा ने एसीपी एमपी नगर के पास शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने पर एसीपी ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अरेरा हिल्स पुलिस ने अमित तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने फर्जी पद का इस्तेमाल कहां-कहां और किन उद्देश्यों से किया।
