उज्जैन। शासकीय स्वशासी धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय उज्जैन में सोमवार से द्रव्यगुण विज्ञान के शिक्षकों के लिए छह दिवसीय राष्ट्रीय सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें भोपाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से चयनित आयुर्वेद शिक्षक और विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम 16 से 21 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसे भारत सरकार के आयुष मंत्रालय और राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, नई दिल्ली ने प्रायोजित किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर की पूर्व प्रोफेसर एवं कुलपति वैद्य मीता कोटेचा और नेशनल मेडिसिनल प्लांट्स बोर्ड के सीईओ डॉ. महेश कुमार दाधीच की उपस्थिति में हुआ।
छह दिनों तक विशेषज्ञ द्रव्यगुण विज्ञान, औषधीय पौधों और आयुर्वेद के विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देंगे। साथ ही शिक्षकों के बीच शैक्षणिक चर्चा भी होगी।
आयोजन सचिव एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शिरोमणि मिश्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद कॉलेज भोपाल के प्राचार्य डॉ. राकेश पांडेय ने भी कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा चलमेला ने किया।
