इंदौर केंद्रीय जेल में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, बंदियों ने दीं आहुतियां

भोपाल। इंदौर केंद्रीय जेल में 15 नवंबर को 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश जेल मुख्यालय के निर्देश पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर और डॉ. सौम्या कपूर शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई।

इस अवसर पर डॉ. वरुण कपूर ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियां मन में सकारात्मक विचार पैदा करती हैं। जेल का उद्देश्य केवल बंदियों को सजा देना नहीं, बल्कि उनमें सुधार लाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। ऐसे आयोजन बंदियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में मददगार होते हैं।

उन्होंने बताया कि जेल विभाग बंदियों के पुनर्वास के लिए आध्यात्मिक, नैतिक और संस्कार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। महायज्ञ में जेल अधीक्षक दिनेश कुमार नरगावे, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदियों ने भाग लिया। सभी 108 कुंडों में आहुतियां देकर विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की गई।

Exit mobile version