जनसुनवाई में इस बार आए सिर्फ 54 आवेदन, जमीन विवाद और खसरा दर्ज कराने की शिकायतें

जिला पंचायत सीईओ ने सुनीं समस्याएं, कई आवेदनों का मौके पर किया निराकरण

भोपाल, 10 नवंबर. जिला स्तरीय जनसुनवाई में मंगलवार को कुल 54 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए। हाल के जनसुनवाई सत्रों की तुलना में यह संख्या सबसे कम रही। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को शेष आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एडीएम, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
–

सीमांकन के पत्थर उखाडऩे और मारपीट का आरोप
बरखेड़ी हज्जाम निवासी छगन रजक ने अपनी जमीन पर कब्जे की कोशिश और मारपीट की शिकायत की। उनका कहना है कि गांव में खसरा नंबर 251/1/2/1 और 252/1/2/1 की जमीन उनके स्वामित्व में है। सीमांकन के बाद जमीन की सीमा पर पत्थर लगाए गए थे। आरोप है कि गांव के अशोक, जीतमल और विनोद ने इन पत्थरों को उखाडक़र फेंक दिया। विरोध करने पर विवाद किया जाता है। छगन रजक ने शिकायत में बताया कि 10 नवंबर को उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट भी की गई। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने, संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और जमीन पर कब्जे की कोशिश रोकने की मांग की।

दो मंजिला मकान, फिर भी ऑनलाइन खसरे में नाम नहीं
ग्राम निपानिया जाट निवासी खेलन सिंह जाट ने अपने मकान का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने और स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि आवासीय जमीन का पट्टा तहसीलदार ने उनके और पत्नी सुनीता बाई के नाम जारी किया है। इस पर उनका दो मंजिला मकान बना हुआ है। इसके बावजूद ऑनलाइन खसरे में उनका नाम दर्ज नहीं है। खेलन सिंह के अनुसार, उनके बड़े ताऊ फूल सिंह के पांच बेटों के मकानों के खसरे ऑनलाइन दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनका नाम रिकॉर्ड से गायब है। ड्रोन सर्वे में उनके मकान की तस्वीर भी ली गई थी। उन्होंने पटवारी प्रियंका दुबे द्वारा नाम दर्ज नहीं किए जाने पर सवाल उठाते हुए राजस्व रिकॉर्ड में सुधार और स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

Exit mobile version