एमसीयू में शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने मनाया योग दिवस, कुलसचिव प्रो. शशिकला ने बताया योग का महत्व

भोपाल। (एमसीयू) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित माखनपुरम परिसर के चाणक्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के सांध्यकालीन पाठ्यक्रम के योग शिक्षक डॉ. देवेंद्र शर्मा ने प्रार्थना के साथ किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, सूक्ष्म व्यायाम और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग सत्र में ब्रह्म मुद्रा सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, द्विभुजकटिचक्रासन, गौमुखासन, मंडूकासन, शशांकासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. डॉ. पी. शशिकला ने कहा कि योग सभी के लिए आवश्यक है।टी उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने और जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास करना चाहिए।

उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग का अभ्यास प्रात:काल या ब्रह्ममुहूर्त में करना अधिक लाभकारी माना जाता है। नियमित योग से व्यक्ति स्वस्थ रहने के साथ अपनी कार्यक्षमता और एकाग्रता को भी बढ़ा सकता है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

Exit mobile version