NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और नर्सिंग काउंसिल के अधिकारियों को बयान के लिए बुलाया, संदिग्ध प्रमाण-पत्रों की जांच और एफआईआर की मांग
भोपाल। मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में कथित अनियमितताओं और गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन जारी होने की शिकायत के मामले में टीटी नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और नर्सिंग काउंसिल के अधिकारियों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
थाना प्रभारी टीटी नगर की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी नोटिस क्रमांक D-1056 में बताया गया है कि रवि परमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के खिलाफ शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि काउंसिल ने जरूरी दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता का सत्यापन किए बिना नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र जारी किए। इसमें संदिग्ध रजिस्ट्रेशन की जांच, दोषी अधिकारियों पर एफआईआर और अपात्र पाए जाने वालों के प्रमाण-पत्र निरस्त करने की मांग की गई है।
रवि परमार ने कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से नर्सिंग शिक्षा और रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि रजिस्ट्रेशन किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं में काम करने की वैधानिक पात्रता देता है। ऐसे में बिना योग्यता और दस्तावेजों के सत्यापन के प्रमाण-पत्र जारी होना मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।
उन्होंने मांग की कि प्रत्येक रजिस्ट्रेशन के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, प्रशिक्षण, संबंधित संस्थान और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कराई जाए। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मिले, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई हो।
परमार ने पुलिस जांच में सहयोग की बात कही है। उन्होंने व्यक्तिगत व्यस्तता के कारण 29 नवंबर को उपस्थित होने में असमर्थता जताते हुए 27 नवंबर को ही बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि शिकायत करना लोकतांत्रिक अधिकार है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
