वायु प्रदूषण रोकने के लिए एनसीएपी की राशि से कराया था काम,
आर्मी-डे परेड की तैयारियों के लिए सड़क चौड़ीकरण में उखाड़े जा रहे ब्लॉक
भोपाल। नगर निगम में योजनाओं के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा सरकारी खजाने को भुगतना पड़ रहा है। शहर में धूल उड़ने से रोकने और वायु प्रदूषण कम करने के लिए जिस काम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, अब उसी को महज ढाई से तीन महीने के भीतर तोड़ा जा रहा है। भेल दशहरा मैदान से जंबूरी मैदान की ओर जाने वाले मार्ग पर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) की राशि से पेवर ब्लॉक लगवाए थे।हैरानी की बात यह है कि पेवर ब्लॉक को एक-एक करके निकालकर दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय मशीन से तोड़ा जा रहा है। इससे सरकारी राशि से किया गया काम कुछ ही महीनों में बेकार हो गया।नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आर्मी-डे परेड के आयोजन की जानकारी अचानक मिली थी। पहले इसकी जानकारी नहीं थी, इसलिए पेवर ब्लॉक लगा दिए गए थे। सवाल यह है कि शहर में होने वाले बड़े आयोजन और सड़क से जुड़े कामों की जानकारी के बीच विभागों में समन्वय क्यों नहीं रहा।
एनसीएपी के 60 करोड़ में से सिर्फ 12.45 करोड़ खर्च
पेवर ब्लॉक उखाड़ने का मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि नगर निगम वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिले बजट का पूरा उपयोग भी नहीं कर पा रहा है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में नगर निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024-25 में एनसीएपी के तहत आवंटित करीब 60 करोड़ रुपये में से केवल 12.45 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए। यह कुल राशि का लगभग 21 प्रतिशत है। वहीं, वर्ष 2025-26 में इस मद से कोई राशि खर्च नहीं की गई।
ढाई महीने पहले लगाए पेवर ब्लॉक अब तोड़ रहा नगर निगम, लाखों रुपये बर्बाद
