मंत्री बोले- कांग्रेस ने आदिवासियों को वोट बैंक समझा, भाजपा ने सम्मान और अधिकार दिए; 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती पर होंगे आयोजन
भोपाल। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन के अधिकार और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण के खिलाफ उलगुलान आंदोलन के जरिए आदिवासी समाज को संगठित किया और देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सागर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक समझा, जबकि भाजपा सरकार ने जनजातीय नायकों को सम्मान देने और समाज को अधिकार दिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद 2021 से हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर विशेष आयोजन होंगे।
उन्होंने बताया कि 11 से 18 नवंबर तक प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह और 14 से 16 नवंबर तक राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। 15 नवंबर को धार के डही और आलीराजपुर के जोबट में मुख्य कार्यक्रम होंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जुड़ेंगे।
राजपूत ने कहा कि प्रदेश में सड़कों, भवनों और चौराहों के नाम जनजातीय महापुरुषों के नाम पर रखने की पहल की जा रही है। भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, भीमा नायक और रानी दुर्गावती जैसे नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि राशन आपके द्वार योजना के तहत प्रदेश के 20 जिलों के 89 जनजातीय विकासखंडों के 6500 से अधिक गांवों में वाहनों से राशन पहुंचाया जा रहा है। इससे सात लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को लाभ मिल रहा है। वहीं पीएम जनमन योजना के माध्यम से बैगा, भारिया और सहरिया जैसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति, सिकल सेल जांच, वन अधिकार पट्टे और वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में भी जनजातीय बस्तियों तक सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, शिक्षा और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। विधायक शैलेंद्र जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
