भाईदूज पर जेलों में खुली मुलाकात, 6 हजार बंदियों से मिले 20 हजार परिजन

भोपाल। भाईदूज के अवसर पर प्रदेश की जेलों में बंदियों को अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने का मौका मिला। जेल महानिदेशक वरुण कपूर की पहल पर प्रदेश की तीन केंद्रीय जेलों सहित उनके अधीनस्थ जेलों में विशेष खुली मुलाकात की व्यवस्था की गई। इस दौरान करीब 6 हजार बंदियों से 20 हजार परिजनों ने मुलाकात की।

गुरुवार को आयोजित इस विशेष व्यवस्था में बड़ी संख्या में बहनें अपने बंदी भाइयों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और अच्छे भविष्य की कामना की। वहीं महिला बंदियों से मिलने उनके भाई और अन्य परिजन भी पहुंचे। लंबे समय बाद परिवार और छह साल तक की उम्र के बच्चों से मिलकर कई बंदी भावुक हो गए। कहीं मुस्कान तो कहीं खुशी के आंसू नजर आए।

यह आयोजन ग्वालियर और सागर की केंद्रीय जेलों, शिवपुरी की सर्किल जेल तथा इनके अधीनस्थ जेलों में किया गया। जेल प्रशासन ने बंदियों और परिजनों की सुविधा के लिए जेल परिसर के खुले स्थानों पर मुलाकात की व्यवस्था की थी। सुरक्षा और निगरानी के भी विशेष इंतजाम किए गए।

जेल प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बंदियों का परिवार से भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखना और सुधार की प्रक्रिया में पारिवारिक सहयोग को बढ़ावा देना है। सभी जेलों में मुलाकात का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Exit mobile version