भोपाल। त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) से रक्सौल के बीच वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाएगा। गाड़ी संख्या 01031 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–रक्सौल स्पेशल 13 नवंबर को मुंबई से रवाना होगी। यह ट्रेन भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर रात 11:20 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 11:25 बजे रवाना होगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन 15 नवंबर को रात 1:25 बजे रक्सौल पहुंचेगी। रास्ते में इसका ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और बैरगनियां स्टेशनों पर रहेगा।
इस ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक एसी थर्ड क्लास, तीन स्लीपर, 14 सामान्य श्रेणी, एक सेकंड चेयरकार, एक जनरेटर कार और एक एलएलआरडी कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन के समय और ठहराव की अद्यतन जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस ऐप और वेबसाइट का उपयोग करने की अपील की है।
