भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर नगर निगम सागर को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गुरुवार को नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने यह पुरस्कार मंत्री एवं सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत को भेंट किया।
इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छताकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयास और जनता की भागीदारी का परिणाम है। प्रशासन और नागरिक मिलकर काम करें तो बेहतर परिणाम सामने आते हैं।
मंत्री ने कहा कि तीसरा स्थान हासिल करना गर्व की बात है, लेकिन अब सागर को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर काम करना होगा। इसके लिए पहले से अधिक मेहनत और जिम्मेदारी के साथ प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता का मतलब केवल सड़कों और गलियों की सफाई नहीं है। शहर का सौंदर्यीकरण, व्यवस्थित यातायात, कचरे का उचित प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों का रखरखाव भी जरूरी है। प्रमुख चौराहों, उद्यानों, सड़कों और ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। मंत्री ने उम्मीद जताई कि शहरवासी इसी तरह सहयोग करते रहे तो आने वाले सर्वेक्षण में सागर देश में पहला स्थान हासिल कर सकेगा।
