भोपाल, 12 नवंबर. शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित शहीद नगर और दुर्गा मंदिर क्षेत्र में दूषित पेयजल और अनियमित जलापूर्ति से रहवासी परेशान हैं। क्षेत्र की महिलाओं ने नगर निगम और जल विभाग के अधिकारियों से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष किरण सक्सेना ने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में हुई जलापूर्ति के दौरान बेहद गंदा पानी आया। इसकी स्थिति ऐसी थी कि लोग इसे पीने के साथ घरेलू कामों में इस्तेमाल करने से भी डर रहे हैं। उनका कहना है कि दूषित पानी से लोगों के बीमार होने का खतरा है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ सकता है। रहवासियों के अनुसार, क्षेत्र में पानी आने का कोई निश्चित समय भी नहीं है। कभी समय पर पानी नहीं आता तो कभी काफी देर से सप्लाई होती है। महिलाओं ने मांग की है कि पानी के नमूनों की जांच कराई जाए और पाइपलाइन में लीकेज या सीवेज मिलने की आशंका की पड़ताल हो। समस्या दूर होने तक टैंकरों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जलापूर्ति का समय निर्धारित किया जाए। इस मामले में सीमा नामदेव, पवन श्रीवास, सुलेखा पंवार, इंदु अवस्थी और शशि वर्मैया ने भी कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड-8 में गंदे पानी की सप्लाई से रहवासी परेशान, नियमित जलापूर्ति की मांग
