भोपाल। नगर निगम ने शहर में सड़कों की खराब स्थिति सुधारने और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए मरम्मत एवं पैचवर्क का काम कराया। निगम के यांत्रिक विभाग की टीम ने जोन-16 के वार्ड-74 स्थित कोलुआ क्षेत्र में अयोध्या बायपास से औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग पर करीब 1.5 किलोमीटर तक पैचवर्क किया। वहीं, जोन-21 के वार्ड-32 में पीएंडटी चौराहे से झूलेलाल मंदिर तक सड़क के गड्ढे भरकर डामर से मरम्मत की गई।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सड़कों के संधारण, मरम्मत और पुनर्निर्माण के कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत दोनों क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त किया गया। निगम के अधिकारियों और तकनीकी अमले ने मौके पर पहुंचकर काम की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का निरीक्षण भी किया।
निगम का कहना है कि शहर के अन्य वार्डों में भी सड़क मरम्मत, पैचवर्क और निर्माण के काम कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके।
