रेलवे ने अभियान खत्म होने से पहले ही पूरे किए स्पेशल कैंपेन-6 के लक्ष्य

देश के 5,884 स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों से सफाई और सुविधाओं पर लिया फीडबैक

भोपाल। भारतीय रेलवे ने 31 अक्टूबर को समाप्त होने वाले स्पेशल कैंपेन-6 के प्रमुख लक्ष्य समय से पहले ही पूरे कर लिए हैं। 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान में रेलवे ने सफाई, स्क्रैप के निपटारे, ई-वेस्ट प्रबंधन, लंबित मामलों के निराकरण और कामकाज की प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर विशेष ध्यान दिया।

यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 22 अक्टूबर को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित किया गया। इसमें यात्रियों से सीधे बातचीत कर स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर सुझाव और फीडबैक लिया गया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाना था।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार ने नई दिल्ली में विभिन्न पक्षों से बातचीत की। वहीं, प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) के सचिव ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

रेलवे के अनुसार, अभियान के तहत मिली उपलब्धियों को आगे भी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्टेशनों की सफाई, संसाधनों के बेहतर उपयोग, लंबित मामलों के समय पर निराकरण और यात्री सेवाओं में सुधार के प्रयास जारी रहेंगे।

Exit mobile version