चोरी, मारपीट, छेड़छाड़, अवैध हथियार और जुआ-सट्टा सहित कई मामलों में दर्ज हैं केस
भोपाल। शहर में अपराधों की रोकथाम और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त न्यायालय ने छह आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर के आदेश जारी किए हैं। इन आरोपियों के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में चोरी, छेड़छाड़, मारपीट, तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार रखने, बलवा और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, जिन छह लोगों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है, उनमें धर्मेंद्र (40) निवासी नया बसेरा, थाना कोलार नगर, धर्म सिंह सिकरवार (32) निवासी बावड़िया कलां, थाना शाहपुरा, राजेंद्र सेन उर्फ छोटू (19) निवासी नेपाली मोहल्ला, भीमनगर, शकील (45) निवासी मोती नगर, सुभाष नगर, थाना ऐशबाग, आशीष यादव उर्फ बब्बी (20) निवासी झील नगर, थाना अयोध्या नगर और सूरज सोलंकी (23) निवासी ईश्वर नगर, थाना हबीबगंज शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि इन बदमाशों की गतिविधियों से शहर की शांति और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई की गई है।
