गंदगी फैलाने पर 87 लोगों से वसूला 18 हजार रुपये जुर्माना

थूकने, खुले में शौच करने, सीएंडडी वेस्ट फेंकने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर कार्रवाई

भोपाल। शहर में गंदगी फैलाने और सफाई व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए 87 प्रकरणों में कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, थूकने, खुले में शौच करने, निर्माण एवं तोड़फोड़ का मलबा (सीएंडडी वेस्ट) डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर स्पॉट फाइन लगाया।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर गुरुवार को अलग-अलग जोन में कार्रवाई की गई। इसमें जोन-13 में छह मामलों में 5400 रुपये, जोन-14 में 25 मामलों में 2500 रुपये, जोन-15 में 44 मामलों में 8100 रुपये और जोन-16 में 12 मामलों में 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इस तरह चार जोन में कुल 87 मामलों में 18 हजार रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई। निगम ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version