पुणे-दानापुर-हड़पसर स्पेशल ट्रेन 1 नवंबर से भोपाल मंडल होकर चलेगी

इटारसी सहित कई स्टेशनों पर ठहराव, दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी ट्रेन

भोपाल। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने पुणे-दानापुर-हड़पसर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहराव लेकर चलेगी। विशेष किराये पर संचालित होने वाली इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

गाड़ी संख्या 01441 पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन 1 से 13 नवंबर 2026 तक रविवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को चलेगी। यह पुणे स्टेशन से रात 7:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर और सतना होते हुए तीसरे दिन सुबह 7 बजे दानापुर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01442 दानापुर-हड़पसर स्पेशल ट्रेन 3 से 15 नवंबर तक मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को चलेगी। यह दानापुर से सुबह 8:30 बजे रवाना होकर उसी दिन सतना, मैहर, कटनी, मदनमहल और नरसिंहपुर पहुंचेगी। अगले दिन रात 2:10 बजे इटारसी पहुंचने के बाद हड़पसर के लिए रवाना होगी और शाम 5:35 बजे गंतव्य पर पहुंचेगी।

ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 6, सामान्य श्रेणी के 10 और एसएलआरडी के 2 कोच सहित कुल 18 कोच रहेंगे। रास्ते में इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर और सतना सहित 19 स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

यात्री ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव की जानकारी रेलवे स्टेशन, एनटीईएस, हेल्पलाइन नंबर 139 या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।

Exit mobile version