जैसीनगर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया, छह राज्यों के कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां; मंत्री ने कलाकारों के साथ किया लोकनृत्य
भोपाल। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि देश के जनजातीय समाज के महान नायकों के संघर्ष और बलिदान को लंबे समय तक उचित पहचान नहीं मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके इतिहास, वीरता और योगदान को सम्मान दिलाने का काम किया है। वर्ष 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत इसी उद्देश्य से की गई, ताकि जनजातीय नायकों के योगदान और संस्कृति को देशभर में पहचान मिल सके।
मंत्री राजपूत रविवार को जैसीनगर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या भील, सिद्धू-कान्हू, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और रानी दुर्गावती जैसे नायकों का जीवन संघर्ष और साहस की प्रेरणा देता है। केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए काम कर रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और अपना जीवन समर्पित कर दिया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया।
छह राज्यों के कलाकारों ने दी प्रस्तुति
समारोह में छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से आए लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में जनजातीय नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी कलाकारों के साथ लोकनृत्य में शामिल हुए। उनकी प्रस्तुति पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों को महुआ के पत्तों की टोपी और माला पहनाकर स्वागत किया गया। समारोह में जनजातीय समुदाय के लोगों पर पुष्पवर्षा की गई और भोजन भी वितरित किया गया।
