भोपाल, 21 जून । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धृति कल्याण शाखा, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा योग एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर 25वीं वाहिनी के हॉल में सामूहिक योगाभ्यास और धृति 23वीं वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार के सदस्यों में स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, सकारात्मक जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा मकवाणा सहित श्रीमती प्रियंवदा सक्सेना, श्रीमती अनुपमा कुमार, श्रीमती टिंग रॉय, श्रीमती भारती प्रसाद और श्रीमती गीता गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पुलिस लाइन नेहरू नगर, 23वीं वाहिनी विसबल, 25वीं वाहिनी विसबल, 7वीं वाहिनी विसबल भोपाल और झूला घर पुलिस मुख्यालय भोपाल से जुड़े पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योगाभ्यास से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
योग कार्यक्रम के दौरान सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। महिलाओं एवं बच्चियों ने योग आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर योग के महत्व, आत्मअनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया।
प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
योग कार्यक्रम के बाद धृति 23वीं वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण का संदेश दिया गया।
पुलिस परिवार के सदस्यों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
संपूर्ण कार्यक्रम सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) श्रीमती इरमीन शाह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रदेशभर में पुलिस इकाइयों में हुआ योग आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों, जिलों, रेंज कार्यालयों, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और वाहिनियों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर शारीरिक फिटनेस, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।