जनता क्वार्टर का आखिरी मकान भी ढहा, अब मल्टीस्टोरी बनाने की तैयारी

शुक्रवार सुबह 9 बजे चला बुलडोजर, हाईकोर्ट से मिली मोहलत के कारण बचा था एक आवास; 600 मकानों का ध्वस्तीकरण पूरा

भोपाल। ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में शुक्रवार सुबह आखिरी मकान भी जमींदोज कर दिया गया। सुबह करीब 9 बजे हुई कार्रवाई के साथ ही कॉलोनी के सभी 600 पुराने मकानों का ध्वस्तीकरण पूरा हो गया। इससे पहले 23 नवंबर को प्रशासन ने 599 मकान तोड़ दिए थे। हाईकोर्ट से मिली मोहलत के कारण एक मकान बचा हुआ था, जिसे अब हटा दिया गया है। करीब 40 साल पुरानी कॉलोनी के पूरी तरह खाली होने के बाद यहां पुनर्विकास का रास्ता साफ हो गया है। अब हाउसिंग बोर्ड यहां मल्टीस्टोरी इमारतें बनाने की तैयारी कर रहा है।

110 परिवारों को मिलेंगे 20 प्रतिशत बड़े फ्लैट

हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री अरुण प्रताप सिंह के अनुसार, कॉलोनी में नई मल्टीस्टोरी इमारतें बनाई जाएंगी। यहां के 600 मकानों में से 110 परिवारों के पास वैध आवंटन है। इन परिवारों को उनके पुराने मकानों की तुलना में 20 प्रतिशत बड़े फ्लैट दिए जाएंगे। शेष फ्लैट हाउसिंग बोर्ड तैयार कर बेचने की योजना बना रहा है। पूरी परियोजना को पूरा होने में करीब ढाई से तीन साल लगने का अनुमान है। निर्माण अवधि के दौरान वैध आवंटियों को कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार किराया देने की बात कही गई है।

हालांकि, मकानों के ध्वस्तीकरण के बाद वैध आवंटियों के सामने फिलहाल रहने की व्यवस्था का सवाल है। रहवासियों का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड ने अभी तक किराए की राशि, भुगतान शुरू होने की तारीख और नए फ्लैट आवंटित करने की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं की है। इससे परिवारों को अपने भविष्य और अस्थायी आवास की व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है।

### रिकॉर्ड और डिजिटल सर्वे में 1.73 एकड़ का अंतर

पुनर्विकास से पहले हाउसिंग बोर्ड के सामने जमीन के वास्तविक रकबे का हिसाब भी चुनौती बना हुआ है। सरकारी रिकॉर्ड में जनता क्वार्टर की जमीन 5.73 एकड़ दर्ज है, जबकि डिजिटल सर्वे में मौके पर करीब 4 एकड़ जमीन ही उपलब्ध मिली है। इस तरह रिकॉर्ड और मौके के रकबे में 1.73 एकड़ का अंतर सामने आया है। बोर्ड अब दोबारा सर्वे कराने की तैयारी कर रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, कॉलोनी के आसपास सड़कें बनने और खाली हिस्से में पानी की टंकी होने के कारण मौके पर जमीन का रकबा कम मिला है। इसके अलावा अतिक्रमण की आशंका भी जताई जा रही है। दोबारा सर्वे के बाद ही जमीन के अंतर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version