अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भोपाल मंडल में सामूहिक योगाभ्यास, रेल अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल के प्रमुख स्टेशनों सहित रानी कमलापति स्थित नर्मदा क्लब के बैडमिंटन हॉल में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को योग के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा योग को स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और योग शपथ के साथ हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।

योग प्रशिक्षक श्रीमती प्रियंका जैन के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेन्द्र बघेल एवं श्री अभिराम खरे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया सहित मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन (डब्ल्यूडब्ल्यूओ) की अध्यक्षा एवं पदाधिकारीगण, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य व बच्चे, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी-कर्मचारी, रेलकर्मी और उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने और परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।

भोपाल मंडल द्वारा आयोजित यह योग कार्यक्रम अनुशासन, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का उदाहरण रहा। कार्यक्रम ने “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की भावना को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया।

Exit mobile version