भोपाल। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे यशवंतपुर से योग नगरी ऋषिकेश के बीच एक-एक फेरे की स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इस ट्रेन का भोपाल और बीना स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव रहेगा। इससे दक्षिण भारत से भोपाल होते हुए उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 06597 यशवंतपुर-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 7 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी। यह 13 नवंबर को दोपहर 2 बजे भोपाल पहुंचेगी और 2:10 बजे रवाना होगी। इसके बाद शाम 4:40 बजे बीना पहुंचेगी और 4:45 बजे आगे के लिए रवाना होगी। ट्रेन 14 नवंबर को सुबह 10:15 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 06598 योग नगरी ऋषिकेश-यशवंतपुर स्पेशल 14 नवंबर को शाम 5:55 बजे ऋषिकेश से रवाना होगी। यह 15 नवंबर को सुबह 8:30 बजे बीना और 10:30 बजे भोपाल पहुंचेगी। भोपाल से 10:40 बजे रवाना होकर 16 नवंबर को शाम 7:45 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
18 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
इस ट्रेन का ठहराव नागपुर, बल्लारशाह, काजीपेट, काचेगुडा, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, रुड़की और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इनमें एक एसी द्वितीय श्रेणी, तीन एसी तृतीय श्रेणी, आठ स्लीपर, चार सामान्य और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। यात्री ट्रेन की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 और एनटीईएस ऐप से प्राप्त कर सकते हैं।
