भोपाल। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी अशोक सत्यार्थी को अटैच किए जाने के बाद अब सीहोर जिले के अहमदपुर स्थित गैस एजेंसी संचालक को कथित रूप से परेशान किए जाने के मामले की गहन जांच होगी। पूरा मामला सीहोर के गैस एजेंसी संचालक और भोपाल के परवलिया सड़क क्षेत्र में हुई कार्रवाई से जुड़ा है। इस घटनाक्रम ने खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मामला सीहोर जिले की गैस एजेंसी से जुड़ा था तो शिकायत सीहोर कलेक्टर के बजाय भोपाल में क्यों की गई? इसके अलावा सीहोर के कोटे के 68 घरेलू गैस सिलेंडर भोपाल की सीमा में कैसे खपाए जा रहे थे? जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे।
इस मामले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है। एक ओर आम उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर से 25 दिन तक गुजारा करना पड़ता है। पारिवारिक या मांगलिक कार्यक्रम होने पर अतिरिक्त सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर शहर के कई होटल और ठेले-गुमटियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग खुलेआम हो रहा है।
ऐसे में अब जांच से यह स्पष्ट होगा कि कार्रवाई करने वाले अधिकारी की भूमिका सही थी या सीहोर के नेता की ओर से लगाए गए आरोपों में दम है। जांच के निष्कर्षों पर विभाग और प्रशासन की आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।
