
भोपाल, 16 मई। राजधानी भोपाल में भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के ब्लू लाइन कॉरिडोर प्रोजेक्ट को गति देने के लिए पुरानी विधानसभा क्षेत्र में संचालित नोटरी दुकानों को हटाने और शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। मेट्रो निर्माण कार्य में बाधा बन रही करीब 35 दुकानों को जल्द अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।
प्रियंक मिश्रा के निर्देश के बाद शनिवार सुबह प्रशासनिक अमला मिंटो हॉल के सामने मालवीय नगर मुख्य मार्ग पर पहुंचा। यहां वर्षों से संचालित नोटरी दुकानों के संचालकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
प्रशासन ने दिए दुकानें हटाने के संकेत
कार्रवाई के दौरान दीपक पांडेय, करूणा दंडोतिया और उनकी टीम ने दुकानदारों को बताया कि मेट्रो परियोजना के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए इन दुकानों को हटाना आवश्यक है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जल्द ही शिफ्टिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दुकानदारों ने प्रशासन के सामने अपनी आजीविका को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वे शहर के विकास और मेट्रो परियोजना में बाधा नहीं बनना चाहते, लेकिन दुकानें हटने से रोजगार प्रभावित होगा।
दुकानदारों ने प्रशासन को दिए तीन विकल्प
नोटरी दुकानदारों ने प्रशासन को वैकल्पिक स्थानों के रूप में तीन जगहों का सुझाव दिया। इनमें जिला अदालत के सामने झुग्गियों के पास का क्षेत्र, विधानसभा विश्राम गृह के आसपास का स्थान और मालवीय नगर स्थित पुराने पंजीयन कार्यालय परिसर का क्षेत्र शामिल है।
दुकानदारों ने प्रशासन से कहा कि यदि इनमें से किसी एक स्थान पर उन्हें जगह उपलब्ध करा दी जाए तो वे स्वयं अपनी दुकानों को हटाकर शिफ्ट कर लेंगे।
प्रशासन करेगा निरीक्षण
दीपक पांडेय ने दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन तीनों प्रस्तावित स्थानों का निरीक्षण करेगा। इसके बाद उपयुक्त विकल्प पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, ताकि मेट्रो परियोजना का कार्य भी प्रभावित न हो और दुकानदारों के रोजगार की समस्या का समाधान भी निकाला जा सके।
माना जा रहा है कि दुकानों के शिफ्ट होने के बाद भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के ब्लू लाइन कॉरिडोर निर्माण कार्य में तेजी आएगी और लंबे समय से लंबित कार्यों को गति मिल सकेगी।



