भोपाल मेट्रो में बनेंगे नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड, देश के कई शहरों में कर सकेंगे इस्तेमाल

दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई सहित एनसीएमसी सुविधा वाले शहरों की मेट्रो और बसों में भी चलेगा कार्ड
-मोबाइल से ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा

भोपाल, 12 नवंबर. भोपाल मेट्रो में अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) जारी किए जाएंगे। इस कार्ड की खासियत यह है कि इसका इस्तेमाल केवल भोपाल मेट्रो तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश के उन सभी शहरों में भी किया जा सकेगा, जहां एनसीएमसी की सुविधा लागू है। इससे यात्रियों को अलग-अलग शहरों में मेट्रो और बसों के लिए बार-बार नए टिकट या कार्ड लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह व्यवस्था केंद्र सरकार की वन नेशन, वन कार्ड योजना के तहत शुरू की गई है। इसका उद्देश्य देशभर में सार्वजनिक परिवहन के लिए एक समान भुगतान व्यवस्था तैयार करना है। अभी अलग-अलग शहरों में मेट्रो और बसों के लिए अलग टिकट या कार्ड इस्तेमाल करने पड़ते हैं। एनसीएमसी लागू होने से एक ही कार्ड के जरिए कई शहरों में यात्रा की सुविधा मिलेगी। हालांकि, अलग-अलग शहरों में यात्रा का किराया वहां की निर्धारित दरों के अनुसार ही कटेगा। इस कार्ड का इस्तेमाल दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों की मेट्रो में किया जा सकेगा। इसके अलावा जिन शहरों की बस सेवाओं में भी एनसीएमसी लागू है, वहां यात्री इस कार्ड से किराया चुका सकेंगे। यानी भोपाल में बनवाया गया कार्ड दूसरे शहरों में भी काम करेगा। कार्ड बनवाने के लिए यात्री को अपना मोबाइल नंबर देना होगा। यह नंबर कार्ड से जुड़ जाएगा। इसके बाद मोबाइल के जरिए भी रिचार्ज किया जा सकेगा। इसके लिए फोन-पे, पेटीएम या गूगल-पे पर एनसीएमसी सर्च कर रिचार्ज का विकल्प चुनना होगा। कार्ड के आखिरी चार अंक डालने पर संबंधित कार्ड की जानकारी मिलेगी। यात्री 100, 200, 250, 300, 350, 400 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक का रिचार्ज करा सकेंगे। कार्ड को मेट्रो स्टेशन की टिकट वेंडिंग मशीन और टिकट काउंटर से भी रिचार्ज कराया जा सकेगा। इसके लिए स्टेशन पर जाना अनिवार्य नहीं होगा। कार्ड का इस्तेमाल प्रवेश और निकास द्वार पर मशीन से टच करके किया जाएगा। इससे टिकट की लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एनसीएमसी के लिए बैंकिंग व्यवस्था भी जरूरी है। इसके तहत एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी और एयरटेल पेमेंट्स बैंक सहित करीब 10 से 12 बैंकों को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है। हालांकि, कार्ड लेना अनिवार्य नहीं होगा। यात्री अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार इसे बनवा सकेंगे। फिलहाल इसकी उपयोगिता बढऩे के साथ यात्रियों में इसके प्रति जागरूकता बढऩे की उम्मीद है।

Exit mobile version