हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने एनडीआरएफ-एसडीईआरएफ का मॉक अभ्यास

रुस्तम जी आवास परिसर में रेस्क्यू, अग्निशमन और मेडिकल टीमों ने किया आपात कार्रवाई का प्रदर्शन

भोपाल। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को लाल परेड ग्राउंड के सामने स्थित रुस्तम जी आवास परिसर में संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता जांचना था।

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सायरन बजते ही बचाव दलों ने कार्रवाई शुरू की। बहुमंजिला इमारतों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को रोप रेस्क्यू तकनीक और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से बाहर निकाला गया। अग्निशमन दल ने कृत्रिम आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया।

अभ्यास में नगर निगम, सिविल डिफेंस, स्वास्थ्य विभाग, पैरामेडिकल स्टाफ और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें भी शामिल हुईं। घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर मरीजों को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसके लिए अस्थायी फील्ड हॉस्पिटल और मेडिकल ट्राइएज सेंटर भी बनाया गया।

अभ्यास के बाद नागरिकों को ब्लैकआउट, सुरक्षित आश्रय स्थलों और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूर्व निर्धारित प्रशिक्षण अभ्यास था, जिसका उद्देश्य नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करना है।

Exit mobile version