भोपाल। जैसीनगर के गोवर्धन टोरिया पर आयोजित पारंपरिक मेले में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बुंदेली रंग में नजर आए। उन्होंने दिवारी गीत गाए और मोनिया नृत्य कलाकारों के साथ नृत्य कर मेले में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। मंत्री ने लोक कलाकारों का सम्मान भी किया और स्थानीय दुकानों से खरीदारी कर वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया।
सैकड़ों वर्षों से आयोजित हो रहा यह मेला बुंदेलखंड की धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंत्री राजपूत ने क्षेत्रवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और कृषि के महत्व को समझने का अवसर भी है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का संदेश दिया था। आज जल संरक्षण, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिहाज से यह संदेश और भी महत्वपूर्ण है।
मंत्री ने कहा कि दिवारी गीत और मोनिया नृत्य बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान हैं। लोक कलाकार इस विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगली बार मेले में नृत्य प्रस्तुतियों के लिए अलग मंच बनाया जाएगा।
राजपूत ने कहा कि स्थानीय मेले छोटे दुकानदारों, कारीगरों और ग्रामीण व्यापारियों को रोजगार व आय का अवसर देते हैं। स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने से उनके परिवारों की आजीविका को मजबूती मिलती है। इस अवसर पर मेला समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और आसपास के गांवों से आए हजारों लोग मौजूद रहे।
