State

मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 राज्यों में सक्रिय “लच्छु गैंग” के चार सदस्य गिरफ्तार

भोपाल, 16 मई। मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय “लच्छु गैंग” के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देश के कई राज्यों में चोरी और डकैती की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 37 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

यह कार्रवाई मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस के मुताबिक गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से सुनसान और बंद मकानों को निशाना बनाता था तथा मात्र 7 मिनट के भीतर ग्रील काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

कैलाश मकवाणा के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के दौरान 16 मई 2026 को थाना नाहरगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश क्षेत्र में वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई विनोद कुमार मीणा, टी.एस. बघेल और कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में की गई।

कई राज्यों में वारदात करना कबूला

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पंजाब, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, केरल और असम सहित 11 से अधिक राज्यों में चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों में:

गणेश उर्फ गणपत निवासी रंजीतगढ़, जिला अलीराजपुर

कैलाश उर्फ बिशन निवासी रंजीतगढ़, जिला अलीराजपुर

छोटू वसुनिया निवासी नरवाली, जिला धार

दिनेश उर्फ महेश निवासी भिलवंती, जिला धार


शामिल हैं।

37 लाख रुपए की संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 25 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, करीब 12 लाख रुपए कीमत का एक चारपहिया वाहन, फेस मास्क, ग्लब्स, प्लास्टिक पेचकस, इलेक्ट्रॉनिक कटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 37 लाख रुपए बताया गया है।

मध्यप्रदेश पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों तथा विभिन्न राज्यों में की गई वारदातों के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और अंतर्राज्यीय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles