State

भोपाल में रसोई गैस सिलेंडर संकट बरकरार, एक सप्ताह की देरी से हो रही होम डिलीवरी

भोपाल, 16 मई। राजधानी भोपाल में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत करीब ढाई महीने बाद भी पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की होम डिलीवरी अब भी तीन-चार दिनों के बजाय लगभग एक सप्ताह की देरी से हो रही है। स्थिति यह है कि डीएसी नंबर जारी होने के बाद भी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे लोगों को गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शहर में प्रतिदिन करीब 15 हजार घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 12 हजार सिलेंडरों की ही आपूर्ति हो पा रही है। इसी प्रकार व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी प्रभावित बनी हुई है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों तक प्रतिदिन केवल 1200 व्यवसायिक सिलेंडर पहुंच रहे हैं, जबकि सामान्य परिस्थितियों में यह संख्या लगभग 2000 तक रहती थी।

कंपनियां पूरी नहीं कर पा रहीं मांग

गैस एजेंसियों का कहना है कि तेल कंपनियों से उन्हें जरूरत के मुकाबले काफी कम सिलेंडर मिल रहे हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति 60 से 70 प्रतिशत तक ही हो पा रही है, जबकि व्यवसायिक सिलेंडरों की सप्लाई 30 से 40 प्रतिशत के बीच सीमित है। वहीं 5 किलो वाले छोटे एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता केवल 10 से 15 प्रतिशत तक रह गई है।

इस कमी के कारण शहर में गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो पा रही है। पहले जहां प्रतिदिन 15 हजार घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई होती थी, वहीं अब आपूर्ति लगातार कम बनी हुई है।

कालाबाजारी की शिकायतें बढ़ीं

रसोई गैस संकट के बीच कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद कुछ स्थानों पर घरेलू और व्यवसायिक सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग जारी है। आरोप है कि गैस एजेंसियों के गोदामों के बजाय सुनसान स्थानों पर ट्रकों को रोककर सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि 918.50 रुपये का घरेलू सिलेंडर 2500 रुपये तक और व्यवसायिक सिलेंडर 4000 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायतें मिली हैं। जिला खाद्य प्रशासन की जांच में इस तरह की अनियमितताओं का खुलासा भी हो चुका है।

होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय प्रभावित

भोपाल होटल-रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने कहा कि व्यवसायिक सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि शहर में कम से कम 70 प्रतिशत व्यवसायिक सिलेंडरों की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रशासन ने कहा- स्थिति पहले से बेहतर

चंद्रभान सिंह जादौन ने दावा किया कि पहले की तुलना में रसोई गैस सिलेंडरों की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी की शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जा रही है तथा जिन एजेंसियों द्वारा देरी से होम डिलीवरी की जा रही है, उनकी जांच भी कराई जाएगी।

वहीं भोपाल गैस डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता का कहना है कि कंपनियों से जितने सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं, उनकी नियमित सप्लाई की जा रही है और उपभोक्ताओं तक समय पर डिलीवरी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles