बस मालिकों का आरोप- बिना लिखित आदेश बढ़ाया 100 रुपए अतिरिक्त शुल्क, सुविधाएं भी नहीं मिल रहीं
भोपाल, 12 नवंबर. आईएसबीटी पर बसों के संचालन और पार्किंग को लेकर बस मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। बस मालिकों का आरोप है कि नगर निगम ने बिना किसी लिखित आदेश के प्रति बस रोजाना 100 रुपए का अतिरिक्त शुल्क वसूलना शुरू कर दिया है। पहले बस मालिकों से एक बस के लिए 40 रुपए की रसीद काटी जाती थी, लेकिन अब कुल 140 रुपए लिए जा रहे हैं। बस संचालकों का कहना है कि पहले से निर्धारित शुल्क के अलावा अचानक 100 रुपए की अतिरिक्त वसूली शुरू कर दी गई है। इस संबंध में न तो कोई लिखित आदेश दिखाया गया है और न ही शुल्क बढ़ाने का स्पष्ट कारण बताया जा रहा है। उनका सवाल है कि जब नगर निगम की ओर से सुविधाओं में कोई खास बढ़ोतरी नहीं की गई है तो अतिरिक्त शुल्क किस आधार पर लिया जा रहा है।
