संचालनालय लोक अभियोजन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

भोपाल, 21 जून । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संचालनालय लोक अभियोजन, मध्यप्रदेश, भोपाल में योग दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष एवं संचालक लोक अभियोजन, मध्यप्रदेश, भोपाल श्री बी.एल. प्रजापति (उच्च न्यायिक सेवा) के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर संचालनालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर योग के महत्व और उसके लाभों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान साधना का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महर्षि पतंजलि के योग दर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि पतंजलि योगसूत्र के प्रथम अध्याय “समाधि पाद” में वर्णित सूत्र “योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः” योग के माध्यम से मन की चंचल वृत्तियों के नियंत्रण और संतुलन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और कार्यक्षमता प्राप्त कर सकता है।

अपने संबोधन में संचालक लोक अभियोजन श्री बी.एल. प्रजापति ने कहा कि योग जीवन का अभिन्न अंग है। नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर बनाते हैं।

उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी अपने प्रशासनिक एवं न्यायिक दायित्वों के निर्वहन से पहले नियमित रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करते हैं, जिससे एकाग्रता, ऊर्जा और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने और योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संचालनालय लोक अभियोजन के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Exit mobile version